बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको को रूसी राष्टपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने के बाद मास्को के एक अस्पताल में ले जाया गया, बेलारूस के विपक्षी नेता वालेरी त्सेपल्को ने यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि अलेक्जेंडर लुकाशेंको की जान पर बन आई है। बेलारूस के कई लोगों का तो ये भी दावा है कि उनको रूस में जहर दे दिया गया था, जिसके बाद उनकी हालात गंभीर हो गई और उन्हें मॉस्को स्थित सेंट्रल क्लिनिक हॉस्पिटल ले जाया गया।
त्सेपल्को ने शनिवार को एक टेलीग्राम पोस्ट में कहा, ‘शुरुआती जानकारी के अनुसार, लुकाशेंकों को पुतिन के साथ बंद कमरे में मीटिंग के बाद तत्काल मॉस्को के क्लिनिकल अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उन्हें मेडिकल केयर में रखा गया है।’ उन्होंने कहा कि बेलारूस के राष्ट्रपति गंभीर हालत के चलते ‘प्रमुख विशेषज्ञों’ की देखरेख में हैं और ‘खून को साफ’ किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा, ‘लुकाशेंको की हालत एक से दूसरी जगह ले जाने वाली नहीं है।’ वालेरी त्सेपल्को ने कहा कि लुकाशेंको को क्रेमलिन की ओर से जहर देने की आशंका है।