चीनी शहर तियानजिन में अमेरिका और चीन के बीच सोमवार को आमने-सामने की उच्च स्तरीय वार्ता शुरू होने के बीच चीन ने अमेरिका पर द्विपक्षीय संबंधों में ‘‘गतिरोध’’ पैदा करने का आरोप लगाया। मिली जानकारी के मुताबिक चीन के उप विदेश मंत्री शेई फेंग ने अमेरिका से ‘‘अपनी अत्यधिक पथभ्रष्ट मानसिकता और खतरनाक नीति को बदलने’’ की अपील की।
कुछ अमेरिकी चीन को ‘‘काल्पनिक शत्रु’’ के रूप में चित्रित करते हैं, इसलिए है गतिरोध
शिंहुआ ने बताया कि शी ने अमेरिका की उप विदेश मंत्री वेंडी शेरमन से कहा कि चीन और अमेरिका के संबंधों में गतिरोध इसलिए है, क्योंकि कुछ अमेरिकी चीन को ‘‘काल्पनिक शत्रु’’ के रूप में चित्रित करते हैं। शेरमन अमेरिका एवं चीन के संबंधों के प्रभारी फेंग और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ तियानजिन शहर के रिजॉर्ट में बंद कमरे में अलग-अलग बैठकों में दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों पर चर्चा कर रही हैं।
प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा, मानवाधिकार तथा अन्य मामलों पर दोनों के बीच तनाव की स्थिति
छह महीने पहले जो बाइडन के अमेरिका में राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने के बाद वह चीन की यात्रा करने वाली सबसे ऊंचे रैंक की अमेरिकी अधिकारी हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में दोनों देशों के बीच संबंध बहुत खराब हो गए थे और प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा, मानवाधिकार तथा अन्य मामलों पर दोनों के बीच तनाव की स्थिति है।
देशों पर दबाव बनाने के लिए अपनी ताकत का इस्तेमाल करता है अमेरिका
वांग ने अमेरिका पर आरोप लगाया था कि वह स्वयं को सर्वश्रेष्ठ समझता है और अन्य देशों पर दबाव बनाने के लिए अपनी ताकत का इस्तेमाल करता है। बाइडन प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि इन वार्ताओं का मकसद किसी विशेष मामले पर चर्चा करना नहीं है, बल्कि उच्च स्तरीय संवाद के माध्यम खुले रखना है। बाइडन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच भी अक्टूबर के अंत में रोम में जी-20 शिखर सम्मेलन के इतर बैठक हो सकती है।


Download Android App
Download iOS App


