चीन ने अब ताइवान को चारों तरफ से घेर लिया है। ताइवान की खाड़ी में भयावह स्थिति बन गई है। ताइवान के अंदर भी डर का माहौल है। चीन की मिलिट्री ताइवान की सीमाओं पर युद्धाभ्यास कर रही है। यहां तक कि अब मिसाइल, युद्धपोत, फाइटर जेट्स के बाद अब उसने युद्धाभ्यास में ड्रोन्स को भी उतार दिया है। नैंसी पेलोसी के ताइवान दौरे के बाद से ही चीन एकदम गुस्से में है। चीन का गुस्सा धीरे-धीरे और ज्यादा प्रबल होता ही जा रहा है।
ताइवान को भड़काने का काम कर रहा है चीन
ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चीन की नौसेना और वायुसेना खाड़ी में लगातार युद्धाभ्यास कर रही है। उनके युद्धपोत और लड़ाकू जेट लगातार खाड़ी में मध्य रेखा पार करके ताइवान को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। चीन ने पिछले कुछ दिनों में ताइवान की ओर लगातार कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। ये मिसाइलें परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम हैं। मिसाइलों को ताइवान के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रों की ओर दागा गया।
ड्रोन की मदद से ड्रिलिंग कर रहा है चीन
डिफेंस की खबरों पर नजर रखने वाले ट्विटर हैंडल @detresfa_ को चलाने वाले डेमियन सिमोन ने एक नक्शा जारी कर बताया है कि चीन ताइवान को कहां से घेर रहा है। वैसे यह चीन के सैन्य अभ्यास का हिस्सा है। लेकिन चीन ने ताइवान को चारों तरफ से घेर लिया है। वह ताइवान के आसपास सात जगहों पर मिसाइलों, युद्धपोतों, युद्धपोतों, लड़ाकू विमानों और ड्रोन की मदद से ड्रिलिंग कर रहा है।
ताइवान भी नहीं हट रहा है पीछे
वहीं, चीन की नापाक हरकत के जवाब में ताइवान भी पीछे नहीं हट रहा है। ताइवान की राष्ट्रपति साइ इंग-वेन (Tsai Ing-Wen) ने ट्वीट करके कहा है कि हम लगातार चीन की हरकतों और ड्रिल के नाम पर हमलों पर नजर रख रहे हैं। हम खतरा भांपते ही सटीकता से माकूल जवाब देंगे। मैं अंतरराष्ट्रीय समुदाय से लोकतांत्रिक ताइवान को बचाने की अपील करती हूं। चीन स्थानीय स्तर पर गलत हरकतें करके माहौल बिगाड़ रहा है।
हम चाहते हैं चीन तत्काल अपना मिलिट्री ड्रिल रोकेः साइ इंग-वेन
साइ इंग-वेन ने यह भी बताया है कि उनकी सरकार चीन के मिलिट्री ड्रिल के जवाब में क्या कर रही हैं। हम लगातार चीन पर नजर रख रहे हैं। क्योंकि वह ताइवान और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए खतरा है। ताइवान की खाड़ी (Taiwan Strait) में चीन के जंगी जहाजों, मिसाइलों और फाइटर जेट्स की वजह से स्थानीय शांति भंग हो रही है। हम चाहते हैं कि चीन तत्काल अपना मिलिट्री ड्रिल रोके। राष्ट्रपित साइ इंग-वेन ने कहा कि हमारी सेनाएं पूरी तरह से तैयार हैं। हम हर तरह के मिलिट्री डेवलपमेंट्स पर नजर रख रहे हैं। चीन के सक्रिय सूचना जंग को भी हमारी सरकार कायदे से समझ रही है। चीन की गलत सूचनाओं का हम करारा जवाब दे रहे हैं। हमारी सभी एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं।