दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच, पड़ोसी देश नेपाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 426 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8,274 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि यह संक्रमण देश के कुल 77 जिलों में से 74 में अपने पांव पसार चुका है। इस अवधि में देश के विभिन्न अस्पतालों से नौ महिलाओं समेत 216 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। इन्हें मिलाकर देश में अब तक 1,402 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। मंत्रालय ने कहा कि देश के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कोविड-19 के कुल 6,850 मरीज उपचाराधीन हैं।
इस महामारी के कारण देश में अब तक 22 लोगों की जान भी जा चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग अब तक 1,61,749 नमूनों की जांच कर चुका है जिनमें से 6,231 नमूनों की जांच बीते 24 घंटों के दौरान की गई। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक भारत से लगे दक्षिणी नेपाल के कुछ सीमावर्ती जिलों में स्थानीय सामुदायिक प्रसार के कारण कोरोना वायरस संक्रमण तीसरे स्तर पर पहुंच गया है। काठमांडू घाटी में हालांकि यह अब भी पहले चरण में हैं और कुछ स्थानों पर दूसरे चरण में।