दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। संक्रमण की रोकथाम के लिए तमाम देशों की सरकारें द्वारा हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। इस बीच, चालीस अफ्रीकी देशों में करीब 10000 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गये हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने यह जानकारी दी।
इनमें से आधे से अधिक स्वास्थ्य कर्मी दक्षिण अफ्रीका में है जो अफ्रीकी महाद्वीप में सत्यापित मामलों की करीब आधी संख्या है। इस महाद्वीप में अस्पतालों के सामने स्थिति से निपटने की कड़ी चुनौती है।
दुनिया में सहारा अफ्रीका पहले से स्वास्थ्य कर्मियों की बहुत अधिक कमी से जूझ रहा है और वहां प्रति 1000 पर तीन से भी कम स्वास्थ्यकर्मी हैं। कुछ देशों में डॉक्टर, नर्स एवं अन्य कर्मी जान के खतरे के डर एवं निजी सुरक्षा उपकरणों की कमी के चलते पहले ही हड़ताल पर चले गये हैं।
बताते चले कि दुनियाभर में कोरोना का प्रकोप जारी है। दुनियाभर में संक्रमितों को आंकड़ा 13,837,395 तक पहुंच गया है और 590,702 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 7,743,035 लोग पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं।