अमेरिका में हर दिन कोविड-19 के औसतन एक लाख नए मामले सामने आ रहे हैं, जो सर्दियों में चरम पर पहुंचे मामलों से अधिक हैं। यह दिखाता है कि वायरस का डेल्टा स्वरूप कितनी तेजी से देशभर में फैला है। देश में जून के अंत से ही हर दिन औसतन 11,000 मामले सामने आ रहे है। अब यह संख्या 1,07,143 हो गई है। अमेरिका को 1,00,000 औसत मामलों का आंकड़ा पार करने में करीब नौ महीने लगे।
जनवरी की शुरुआत तक मामले करीब 2,50,000 पर पहुंच गए थे। 70 प्रतिशत से अधिक वयस्क आबादी के टीकाकरण के बावजूद मामले बढ़े हैं। यह वायरस उन लोगों में तेजी से फैल रहा है जिन्होंने टीका नहीं लगवाया है। दक्षिणी अमेरिका में फ्लोरिडा, लुसियाना और मिसीसिप्पी में अस्पताल मरीजों से भर गए हैं। रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के निदेशक रोचेले वालेन्स्की ने इस हफ्ते सीएनएन से कहा, ‘‘हमारे मॉडल दिखाते हैं कि अगर हम लोगों को टीका नहीं लगाते हैं तो एक दिन में कई सैकड़ों हजार तक मामले सामने आ सकते हैं जो जनवरी में चरम पर पहुंचे मामलों के बराबर हैं।’’
अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या अत्यधिक बढ़ गयी है और मरीजों के लिए कई अस्पतालों में बिस्तर मिलना मुश्किल हो गया है। ह्यूस्टन में अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 की नयी लहर से स्थानीय स्वास्थ्य देखभाल व्यवस्था लगभग चरमरा गयी है जिससे कुछ मरीजों को शहर के बाहर के अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा है।
ह्यूस्टन स्वास्थ्य विभाग और ईएमएस चिकित्सा निदेशक डॉ. डेविड पर्से ने कहा कि कुछ एम्बुलेंस ह्यूस्टन इलाके के अस्पतालों में मरीजों को उतारने के लिए घंटों इंतजार करती रही क्योंकि कोई बिस्तर उपलब्ध नहीं था। मिसौरी के गवर्नर माइक पार्सन ने शुक्रवार को एलान किया कि अगर आसपास के अस्पताल भर जाते हैं तो कोविड-19 मरीजों को अन्य क्षेत्रों में ले जाने के लिए राज्यभर में 30 एम्बुलेंस और 60 से अधिक चिकित्साकर्मियों को तैनात किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



