अमेरिका के रिचर्डसन में बरामद शव लापता भारतीय बच्ची का ही निकला। इसकी पुष्टि करते हुए पुलिस ने तीन साल की शेरिन मैथ्यूज के पिता को फिर गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दे की अमेरिकी पुलिस ने आज कहा कि दो सप्ताह से ज्यादा समय से लापता तीन साल की भारतीय लड़की शेरीन मैथ्यूज की मौत हो चुकी है। उसके पिता ने स्वीकार किया कि दूध पीने के दौरान उसका गला अवरूद्ध हो गया। वेस्ले मैथ्यूज और सिनी मैथ्यूज ने शेरीन को गोद लिया था।
तीन वर्षीय शेरीन शारीरिक विकास संबंधी समस्या से ग्रसित थी और उसे बात करने में दिक्कत होती थी। उसे अंतिम बार सात अक्तूबर को टेक्सास के रिचर्डसन शहर में उसके घर के पीछे वाले हिस्से में देखा गया था।
इससे पहले रिचर्डसन पुलिस ने घोषणा की थी कि उन्हें एक सुरंग से एक छोटी बच्ची का शव मिला है। पुलिस ने आशंका जताई थी कि यह शव संभवत: शेरीन का है, लेकिन उन्होंने शव की पहचान की पुष्टि नहीं की थी। शव मैथ्यूज के घर से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर मिला।
पुलिस ने कहा कि चिकित्सा जांच अधिकारियों ने शव की पुष्टि के लिए दंत रिकार्ड को खंगाला और पुष्टि की कि शव लापता लड़की का है। उसकी मौत के कारणों की अभी भी जांच की जा रही है। रिचर्डसन पुलिस विभाग ने लड़की के पिता को फिर से गिरफ्तार कर लिया। उसके लिए जमानत की राशि 10 लाख डॉलर तय की गई।