पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ का निधन हो गया। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बता दें कि दुबई के अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा था।वे 79 साल के थे। पाकिस्तान मीडिया ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।
बता दें कि मुशर्रफ कई महीने से अस्पताल में भर्ती थे।उनके परिवार ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए कहा था कि वे अमाइलॉइडोसिस नाम की बीमारी से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उनके सभी अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। अब रिकवरी की भी कोई गुंजाइश बाकी नहीं है।मुशर्रफ के परिवार ने 8 महीने पहले मुशर्रफ की यह तस्वीर जारी की थी, तब वे दुबई के अस्पताल में भर्ती थे।
कौन थे जनरल परवेज मुशर्रफ
11 अगस्त 1943 को परवेज मुशर्रफ का जन्म दरियागंज नई दिल्ली में हुआ था। 1947 में उनके परिवार ने पाकिस्तान जाने का फैसला किया। विभाजन के महज कुछ दिन पहले ही उनका पूरा परिवार पाकिस्तान पहुंचा था। उनके पिता सईद ने नए पाकिस्तान सरकार के लिए काम करना शुरू किया और विदेश मंत्रालय के साथ जुड़े। इसके बाद उनके पिता का तबादला पाकिस्तान से तुर्की हुआ, 1949 में ये तुर्की चले गए. कुछ समय यह अपने परिवार के साथ तुर्की में रहे, वहीं उन्होंने तुर्की भाषा बोलनी भी सीखी. मुशर्रफ अपने युवा काल में खिलाड़ी भी रहे हैं। 1957 में इनका पूरा परिवार फिर पाकिस्तान लौट आया।