ईरान की राजधानी तेहरान के खोमैनी हवाई अड्डे के पास बुधवार को यूक्रेन का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसके कारण उसमें सवार सभी 170 यात्रियों की मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक यूक्रेन का विमान बोइंग 737-800 जेट उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा तेहरान के दक्षिण पश्चिमी उपनगर पारंद के पास हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन के विमान बोइंग 732 ने स्थानीय समयानुसार 05:15 में उड़ान भरी थी। यह विमान यूक्रेन की राजधानी कीव स्थित बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ था कि अचानक यह हादसा हो गया।

ईरानी विमानन संगठन के प्रवक्ता रेजा जफरजादेह ने कहा, “घटना की सूचना मिलने के बाद राष्ट्रीय उड्डयन विभाग की एक जांच टीम को घटनास्थल पर भेज दिया गया। हम आने वाले बुलेटिनों में और जानकारी देंगे।” इस दुर्घटना का कारण विमान में तकनीकी खराबी बताई जा रही है।
बताया जाता है कि इस हादसे में मारे गए लोगों में चालक दल के सभी सदस्य भी शामिल हैं। दुर्घटना के समय विमान में कुल 170 लोग सवार थे। यह हादसा ईरान की ओर से इराक स्थित अमेरिकी और गठबंधन सेना के दो ठिकानों पर हुए कई मिसाइल हमलों के चंद घंटों के भीतर ही हुआ।


Download Android App
Download iOS App



