जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टोक्यो पहुंच गए हैं। नरेंद्र मोदी ने शिंजो आबे के निधन पर दुख जताया और भारत-जापान संबंधों को याद किया। दोनों नेताओं ने देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधो को और गहरा करने के साथ कई मुद्दों पर चर्चा की थी। जापान के नारा में शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
आपको बता दें कि जापान जाने से पहले पीएम मोदी ने कहा था कि 'मैं अपने प्रिय मित्र और भारत-जापान मित्रता के एक बहुत बड़े पक्षधर पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए आज रात टोक्यो जा रहा हूं।' उन्होंने आगे लिखा, 'मैं सभी भारतीयों की ओर से प्रधानमंत्री किशिदा और श्रीमती आबे के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करूंगा। हम आबे सान की परिकल्पना के अनुरूप भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने के लिए काम करना जारी रखेंगे।'