अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को कहा कि देश के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हाल में सम्पन्न हुए चुनाव में हार स्वीकार ना करना शर्मिंदगी भरा है। उन्होंने कहा कि ट्रंप के हार स्वीकार नहीं करने से सत्ता के हस्तांतरण की उनकी योजना पर कोई असर नहीं पड़ेगा और उन्होंने विश्व नेताओं से बात करनी शुरू कर दी है।
डेलावेयर के विलमिंगटन में बाइडन ने पत्रकारों से कहा, ‘‘सच कहूं, तो मुझे लगता है कि यह एक शर्मिंदगी भरी हरकत है….इससे राष्ट्रपति की विरासत को कोई मदद नहीं मिलेगी….विश्व के नेताओं के साथ अपनी बातचीत के बाद मुझे इतना पता है कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिका के लोकतांत्रिक संस्थानों को एक बार फिर मजबूत होता देखा जाएगा।’’
पत्रकारों के ट्रंप पर किए एक सवाल के जवाब में बाइडन ने 20 जनवरी को सब सही होने की उम्मीद जतायी। अमेरिका में प्रमुख ‘मीडिया नेटवर्क’ जो बाइडन को तीन नवम्बर को हुए राष्ट्रपति चुनाव का विजेता घोषित कर चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



