उत्तर कोरिया ने शनिवार को कहा कि उसके नेता किम जोंग उन की निगरानी में एक नये हथियार का परीक्षण किया गया जिसे धीमी परमाणु वार्ता और संयुक्त सैन्य अभ्यासों को लेकर अमेरिका तथा दक्षिण कोरिया पर दबाव बनाने के तौर पर देखा जा रहा है।
प्योंगयांग की कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने शनिवार को कहा कि शुक्रवार को हुए परीक्षण की निगरानी करने वाले किम ने हालिया परीक्षण गतिविधियों में अपनी सेना की “रहस्यमयी और शानदार सफलता दर” को लेकर “काफी संतोष” जताया है। साथ ही उन्होंने “अजेय सैन्य क्षमताएं हासिल करने का आह्वान किया जिसे कोई चुनौती देने की हिमाकत ना कर पाए। खबर में अमेरिका या दक्षिण कोरिया के किसी बयान का उल्लेख नहीं किया गया है।
शुक्रवार को हुआ परीक्षण हाल के दौर में उत्तर कोरिया का छठा परीक्षण है। इससे पहले जुलाई में उसने नए रॉकेट आर्टिलरी प्रणाली और दो अलग-अलग कम दूरी की मोबाइल बैलिस्टिक मिसाइल प्रणालियों का परीक्षण किया था। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे उत्तर कोरिया की दक्षिण कोरिया में हमला करने की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही वह वहां अमेरिका के अड्डों तक भी पहुंच जाएगा।
केसीएनए ने हालांकि यह नहीं बताया कि शुक्रवार को जिस हथियार का परीक्षण किया गया वह किस तरह का था लेकिन कहा कि परीक्षण सफल रहा और इससे सेना का आत्मविश्वास मजबूत हुआ। दक्षिण कोरिया की सेना ने बताया था कि उत्तर कोरिया के पूर्वी तट से दो प्रक्षेपास्त्र दागे गए। जापान सागर में गिरने से पहले इन प्रक्षेपास्त्रों ने करीब 230 किलोमीटर की दूरी तय की।


Download Android App
Download iOS App


