यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने 2023 में जीत के लिए पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया है उन्होंने आगे कहा, कि देश पर 24 फरवरी, 2022 रूसी आक्रमण की तारीख हमारे जीवन का सबसे लंबा दिन था। शुक्रवार को यूक्रेन पर रूस के हमले को एक साल हो गया। यह ऐसा युद्ध है जिसका अभी कोई समाधान नजर नहीं आ रहा। बता दें एक साल से चल रहे युद्ध में यूक्रेन को पूरी तरह से उजाड़ दिया है, लाखों लोगों के घर युद्ध की चपेट में आने से टुट गए है, वहीं बहुत सारे लोग जमीन के नीचे बने बंकर में छुपकर रहने को मजबूर है।
जेलेंस्की ने रुस को युद्ध फैलाने के लिए जिम्मेदार ठहराया
जेलेंस्की ने एक वीडियो संबोधन में कहा कि यह युद्ध द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद से यूरोप का सबसे बड़ा और घातक युद्ध है। उन्होंने इसे रूस द्वारा फैलाया गया आतंक करार दिया। उन्होंने कहा, हमें नहीं पता कि कल क्या होगा, लेकिन हम स्पष्ट रूप से समझते हैं कि प्रत्येक कल के लिए आपको लड़ने की जरूरत है और हम लड़े हैं। जेलेंस्की ने ट्वीट किया कि यूक्रेनवासियों ने खुद को अजेय साबित किया है। उन्होंने बीते वर्ष को दर्द, दुख, विश्वास और एकता का वर्ष कहा। उन्होंने कहा, हम जानते हैं कि 2023 हमारी जीत का वर्ष होगा।
युद्ध में मारे गए लोगों और सेनाओं के लिए यूक्रेन में रखा शोक
यूक्रेनवासियों ने युद्ध में मारे गए हजारों लोगों की याद में मोमबत्ती जुलूस और शोक सभाओं का आयोजन किया, विशेष रूप से पूर्वी यूक्रेन में जहां लड़ाई में हर समय मृतकों की संख्या बढ़ रही है। ऐसी चिंताएं थीं कि इस दिन रूस यूक्रेन के खिलाफ मिसाइल हमले और तेज कर सकता है। लेकिन गनीमत यह रही कि राजधानी कीव में रात भर हवाई हमले की चेतावनी सुनाई नहीं दी और सुबह शांति रही। यूक्रेन युद्ध में मारे गए लोगों की याद में विदेशों में भी श्रद्धांजलि दी गई। पेरिस में एफिल टावर को यूक्रेन के रंगों- पीले और नीले रंग में रोशन किया गया।