पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आइसलैंड की यात्रा के लिए उनके हवाई क्षेत्र से विमान को गुजरने देने संबंधी भारत के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया गया है। राष्ट्रपति कोविंद की सोमवार से आइसलैंड, स्विट्जरलैंड और स्लोवेनिया की यात्रा शुरू होगी।
इस दौरान वह भारत की “राष्ट्रीय चिंताओं” से इन देशों के शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा सकते है। मंत्री ने सरकारी प्रसारक पीटीवी को बताया कि कश्मीर में तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनजर प्रधानमंत्री इमरान खान ने यह निर्णय लिया है।
बता दें कि कश्मीर में पुलवामा आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों के शहीद होने पर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी शिविरों को नष्ट किया था, जिसके बाद पाकिस्तान ने 26 फरवरी को अपने हवाई क्षेत्र को पूरी तरह से बंद कर दिया था। हालांकि मार्च में उसने अपने हवाई क्षेत्र को आंशिक रूप से खोल दिया था लेकिन भारतीय उड़ानों के लिए इसे प्रतिबंधित रखा था।


Download Android App
Download iOS App


