जयपुर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को कहा कि पार्टी की नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी के उत्तर प्रदेश में रोड शो से पूरे देश में एक संदेश जाएगा और (पार्टी के पक्ष में) माहौल बनेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रियंका खुद को रोडशो तक सीमित नहीं रखेंगी और लगातार उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगी।
पार्टी महासचिव बनने के बाद पहली बार लखनऊ गयी प्रियंका गांधी ने सोमवार को वहां राहुल गांधी के साथ रोड शो किया। इसके बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘इससे एक संदेश जाएगा पूरे उत्तर प्रदेश और पूरे देश में।’ उन्होंने कहा, ‘प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में केवल रोड शो ही नहीं करेंगी बल्कि लगातार दौरे करेंगी इससे एक संदेश जाएगा और (पार्टी के पक्ष में) माहौल बनेगा।’ इसके साथ ही गहलोत ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असत्य बोलकर, झूठे वादे कर अपने पांच साल के शासन काल में देश का जो भट्ठा बैठाया है उससे लोगों ने अब उम्मीद छोड़ दी है।’’
उन्होंने कहा,‘ काला धन लेकर आने, दो करोड़ लोगों को रोजगार देने, महंगाई कम करने और 15 लाख रुपये बैंक खाते में डालने के (प्रधानमंत्री मोदी के) सारे वादे जुमले साबित हुए हैं। अच्छे दिन का इंतजार करते करते पांच साल निकल गए अब लोगों ने आशा छोड़ दी है इसलिए कांग्रेस ने नये सिरे से संदेश दिया है कि हमारा एजेंडा किसान भी है, युवाओं का रोजगार भी है। महंगाई भी है और राफेल का मुद्दा भी है।’