राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को पूर्व अमेरिकी खुफिया ठेकेदार एडवर्ड स्नोडेन को रूसी नागरिकता प्रदान की। 39 वर्षीय स्नोडेन गुप्त फाइलें लीक करने के बाद 2013 में अमेरिका से भाग गए थे और उन्हें रूस में शरण दी गई थी। राष्ट्रपति पुतिन द्वारा सोमवार को हस्ताक्षरित एक आदेश के अनुसार, स्नोडेन अब रूसी नागरिकता प्राप्त 75 विदेशी नागरिकों में शामिल हैं। आदेश को एक सरकारी वेबसाइट पर साझा किया गया था।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के पूर्व ठेकेदार स्नोडेन अमेरिका में अभियोजन का सामना करने से बचने के लिए 2013 से रूस में रह रहे हैं। स्नोडेन पर अमेरिकी सरकार के निगरानी कार्यक्रमों का विवरण देने वाले दस्तावेज लीक करने का आरोप है। स्नोडेन को 2020 में स्थायी निवास प्रदान किया गया था। स्नोडेन ने उस समय कहा था कि उन्होंने अपनी अमेरिकी नागरिकता को छोड़े बिना रूसी नागरिकता के लिए आवेदन करने की योजना बनाई है।
स्नोडेन ने राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) के काले अक्षरों को लीक कर अमेरिका को पूरी दुनिया के सामने बेनकाब कर दिया था। उन्होंने एनएसए के विशाल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निगरानी कार्यों को दुनिया के सामने उजागर किया। अमेरिकी अधिकारी चाहते हैं कि स्नोडेन वर्षों से जासूसी के आरोपों में आपराधिक मुकदमे का सामना करने के लिए अमेरिका लौट आए। पुतिन के इस कदम को अमेरिका के लिए चिढ़ाने के तौर पर देखा जा रहा है। यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से, अमेरिका के नेतृत्व में पश्चिमी देशों ने रूस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं।