रूस ने यूक्रेन के मुद्दे पर जापान की ओर से रूस पर लगायी गयीं पाबंदियों के जवाब में दोनों देशों के बीच जारी शांति संधि वार्ता को स्थगित कर दिया है। रूस के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसने यूक्रेन की स्थिति को लेकर रूस के खिलाफ जापान के प्रतिबंधों के जवाब में जापान के साथ शांति संधि वार्ता जारी नहीं रखने का फैसला लिया है।
रूस रोक सकता हैं जापानी नागरिकों की बिना वीजा यात्रा
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि रूस चार विवादित प्रशांत द्वीपों के लिए जापानी नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त यात्रा को भी रद्द कर देगा, जिन्हें रूस में दक्षिणी कुरील और जापान में उत्तरी क्षेत्रों के रूप में जाना जाता है।मंत्रालय ने कहा कि रूसी पक्ष इन द्वीपों में संयुक्त आर्थिक गतिविधियां स्थापित करने के लिए जापान के साथ बातचीत से पीछे हट रहा है। मंत्रालय ने कहा कि रूस काला सागर आर्थिक सहयोग संगठन के एक क्षेत्रीय संवाद भागीदार के रूप में जापान की स्थिति के विस्तार को रोक देगा।
उल्लेखनीय है कि यूक्रेन में रूस के विशेष सैन्य अभियान को लेकर पश्चिमी देशों के साथ, जापान ने भी रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं। रूस और जापान ने चार द्वीपों पर अपने प्रतिद्वंद्वी दावों के कारण द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की शांति संधि पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं।