अफगानिस्तान के लोगार प्रांत पर तालिबान का कब्जा, उत्तरी शहर मजार-ए-शरीफ को चौतरफा दहलाया

Summary :

तालिबान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के दक्षिण में स्थित लोगार प्रांत पर कब्जा कर लिया है। अफगानिस्तान की एक सांसद ने यह जानकारी दी।

तालिबान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के दक्षिण में स्थित लोगार प्रांत पर कब्जा कर लिया है। अफगानिस्तान की एक सांसद ने यह जानकारी दी। लोगार से सांसद होमा अहमदी ने बताया कि तालिबान ने पूरे प्रांत पर कब्जा कर लिया है, जिसमें उसकी राजधानी भी शामिल है और वह शनिवार को पड़ोसी काबुल प्रांत के एक जिले में पहुंच गया।
तालिबान देश की राजधानी काबुल के दक्षिण में 80 किलोमीटर (50 मील) से भी कम दूरी पर पहुंच गया है। अफगानिस्तान से अमेरिका की पूर्णतय: वापसी में तीन सप्ताह से भी कम समय शेष बचा है और ऐसे में तालिबान ने उत्तरी, पश्चिमी और दक्षिणी अफगानिस्तान के अधिकतर हिस्सों पर कब्जा कर लिया है। वहीं तालिबान ने उत्तरी अफगानिस्तान के बड़े शहर मजार-ए-शरीफ पर चौतरफा हमला शुरू कर दिया है, जिसकी सुरक्षा शक्तिशाली पूर्व छत्रप कर रहे हैं। अफगानिस्तान के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उत्तरी बल्ख प्रांत में प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता मुनीर अहमद फरहाद ने कहा कि तालिबान ने शनिवार तड़के शहर पर कई दिशाओं से हमला किया। उन्होंने हताहतों के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी शहर के बचाव की कोशिशों के तहत बुधवार को मजार-ए-शरीफ गए थे और उन्होंने सरकार से संबद्ध कई मिलिशिया कमांडरों के साथ बैठक की थी।

Desk Team