रूस और यूक्रेन के बीच भीषण युद्ध जारी है तथा रूसी सेना राजधानी कीव में दाखिल हो गई है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र ने आक्रमण के बाद, युद्ध प्रभावित देश में विश्व निकाय के मानवीय अभियानों को तेज करने के लिए दो करोड़ डॉलर की मदद तत्काल देने की घोषणा की। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस संबंध में घोषणा करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र और उसके मानवतावादी सहयोगी ‘‘जरूरत के वक्त में यूक्रेन में लोगों के सहयोग के लिए मौजूद रहने को प्रतिबद्ध हैं…. यह बात मायने नहीं रखती कि वे कौन हैं और कहां हैं।
निर्दोष जनता हमेशा भारी कीमत चुकाती है : गुटेरेस
गुटेरेस ने कहा मरने वालों की संख्या बढ़ रही है, हम भय का, यूक्रेन के हर कोने में पीड़ा और आतंक का मंजर देख रहे हैं। जनता, निर्दोष जनता हमेशा भारी कीमत चुकाती है। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय अभियानों के प्रमुख मार्टिन ग्रिफिथ्स ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के केंद्रीय आपातकालीन प्रतिक्रिया कोष से दो करोड़ डॉलर पूर्वी दोनेत्स्क और लुहान्स्क और देश के अन्य क्षेत्रों में आपात अभियानों को मदद पहुंचाएंगे और ‘‘संघर्ष से प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य देखभाल, आश्रय, भोजन, पानी आदि मुहैया कराने में भी इससे मदद मिलेगी।
पुतिन के साथ संपर्क नहीं हो पाया : इमैनुएल मैक्रों
संयुक्त राष्ट्र के अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि फ्रांस यूक्रेन को सैन्य उपकरण और 33 करोड़ डॉलर की वित्तीय सहायता मुहैया कराएगा। एक विशेष यूरोपीय शिखर सम्मेलन के बाद मैक्रों ने कहा, फ्रांस एक अतिरिक्त प्रयास के रूप में यूक्रेन के नागरिकों के लिए अतिरिक्त 33 करोड़ डॉलर और सैन्य समर्थन प्रदान करने के लिए तैयार है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ पहले बहुत कम समय के लिए मेरी बात हुई थी। बाद में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की द्वारा युद्ध को शीघ्र समाप्त करने के आह्वान और जेलेंस्की संग बात करने के उन्हें प्रस्ताव दिए जाने पर भी बात होनी थी, लेकिन पुतिन संग हमारा संपर्क नहीं हो पाया।