डेमोक्रेट उम्मीदवार सराह मकब्राइड ने डेलावेयर से राज्य सीनेट की सीट पर जीत हासिल की है और शपथ लेने के बाद वह देश की पहली ट्रांसजेंडर राज्य सीनेटर (राज्य सीनेट की सदस्य) बन जाएंगी। मकब्राइड ने रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी स्टीव वाशिंगटन को हराकर यह जीत हासिल की।
मकब्राइड ने मंगलवार रात को कहा, “मुझे लगता है कि आज रात के नतीजे से पता चलता है इस डिस्ट्रिक्ट के निवासी खुले विचारों वाले हैं और वह उम्मीदवारों की नीयत को देखते हैं न कि उनकी पहचान को। यह मैं हमेशा से जानती थी।” उन्होंने कहा, “मुझे आशा है कि डेलावेयर या देश में कहीं और मौजूद एक एलजीबीटीक्यू बच्चा इन नतीजों को देखकर समझ पाएगा कि हमारा लोकतंत्र उनके लिए भी है।”
मकब्राइड ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के अधीन वाइट हाउस में काम किया था और उन्होंने 2016 में पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में भाषण दिया था। ऐसा करने वाली वह पहली ट्रांसजेंडर थीं। लंबे समय तक राज्य सीनेटर रहे हैरिस मकडॉवेल के सेवानिवृत्त होने के बाद डेलावेयर की सीट खाली हो गई थी जिस पर मकब्राइड ने जीत हासिल की है।


Download Android App
Download iOS App



