अफगानिस्तान : काबुल में सरकारी परिसर में आतंकी हमला, 43 की मौत

Summary :

काबुल में सरकारी परिसर में एक आत्मघाती हमलावर और राइफलों तथा विस्फोटकों से लैस बंदूकधारियों के हमले में मरने वालों की संख्या 43 हो गई।

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक सरकारी परिसर में एक आत्मघाती हमलावर और राइफलों तथा विस्फोटकों से लैस बंदूकधारियों के हमले में मरने वालों की संख्या 43 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। किसी भी आतंकवादी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। अफगानिस्तान की राजधानी में इस साल हुआ यह सबसे घातक हमला है।

मंत्रालय के प्रवक्ता वहीद मजरोह ने बताया कि सोमवार को हुए इस हमले में अन्य 10 लोग घायल भी हुए हैं। इमारत में लोक निर्माण मंत्रालय तथा अन्य कार्यालय स्थित हैं। अधिकारी ने हमले के बारे में बताया कि बहुमंजिला इमारत के सामने एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी अपनी कार को धमाका कर उड़ा दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद तीन बंदूकधारी इमारत में घुसे और लोगों को मारना शुरू कर दिया।

kabul

उन्होंने बताया कि सैकड़ों लोग इमारत के अंदर फंसे थे। भारी हथियारों से लैस सुरक्षा बलों को इस क्षेत्र में तैनात किया गया था जिनकी हमलावरों के साथ भीषण मुठभेड़ हुई। अधिकारियों ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर सहित कम से कम चार आतंकवादियों को मार गिराया गया और 350 से अधिक लोगों को छुड़ाया गया है।

बता दें कि अफगान की राजधानी में पिछले माह हुए एक आत्मघाती हमले के बाद यह भीषण हमला है। उस हमले में एक आत्मघाती हमलावर ने धार्मिक सभा में खुद को उड़ा लिया था, जिसमें कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई थी।

Desk Team