आमिर खान ने पाकिस्तान के होने वाले प्रधानमंत्री इमरान खान की ताजपोशी में शामिल होने की बात से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह का आमंत्रण नहीं मिला है। आमिर का यह स्पष्टीकरण पीटीआई के प्रवक्ता फवाद चौधरी के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने आमिर खाने के बुलाए जाने की बात कही थी। दरअसल, फवाद चौधरी ने पाकिस्तानी मीडिया से बातचीत में कहा था कि पाकिस्तान के होने वाले प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनिल गावस्कर, कपिल देव, नवजोत सिंह सिद्धू और बॉलीवुड एक्टर आमिर खान को आमंत्रित किया गया है।
आमिर खान ने एक भारतीय टीवी चैनल से बातचीत में कहा, ‘मैं पाकिस्तान नहीं जा रहा हूं. मुझे इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रण नहीं मिला है.’ साथ ही उन्होंने कहा कि वो अभी काफी ज्यादा व्यस्त हैं। इस बीच सिद्धू ने इमरान का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि उन्होंने इमरान खान के प्रधानमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह के लिए उनके निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
सिद्धू ने एक बयान में कहा कि यह एक सम्मान है और निमंत्रण को वह स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि इमरान खान पर भरोसा किया जा सकता है. खिलाड़ी संपर्क बनाते हैं और रुकावटों को हटाते हैं और लोगों को जोड़ते हैं. वहीं कपिल देव और आमिर खान ने इस निमंत्रण पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। गौरतलब है कि इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) 25 जुलाई को हुए आम चुनाव में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। इस बीच खबर है कि इमरान पीएम पद की शपथ डी-चौक या परेड ग्राउंड जैसी खुली जगह के बजाय राष्ट्रपति भवन में लेंगे. इमरान (65) के 11 अगस्त को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



