इटली के नाइटक्लब में भगदड़, 6 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

Summary :

मध्य इटली के एनकोना के नजदीक कोरिनाल्डो शहर के एक नाइटक्लब में शुक्रवार देर रात भगदड़ मचने से पांच नाबालिग सहित छह लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनों

कोरिनाल्डो (इटली) : मध्य इटली के एनकोना के नजदीक कोरिनाल्डो शहर के एक नाइटक्लब में शुक्रवार देर रात भगदड़ मचने से पांच नाबालिग सहित छह लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनों घायल हो गये।

मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार संदेह है कि संदिग्ध ने वहां पेपर स्प्रे जैसे पदार्थ का इस्तेमाल किया था, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग ने ट्विटर पर एक बयान में कहा कि तेज गंध फैलने से लोगों में भगदड़ मच गई। दुखद है कि भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

पेरिस में पुलिस ने किया 300 लोगों को गिरफ्तार

मृतकों में तीन लड़कियां और दो लड़के शामिल हैं जो 18 वर्ष से कम आयु के हैं। इसके अलावा अपनी बेटी के साथ कॉन्सर्ट में आई एक महिला की भी हादसे में मौत हो गई। स्थानीय दमकल विभाग प्रमुख डिनो पोगियाली ने कहा कि घायलों में से 14 की हालत गंभीर है। चश्मदीदों ने बताया कि जान बचाने के लिए कुछ लोग एक छोटी दीवार से कूदे लेकिन वहां भीड़ से दबकर उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि एड्रिएटिक तट स्थित ‘ब्लू लैंटर्न क्लब’ में इटली के रैपर सफेरा एब्बास्ता की प्रस्तुति देखने के लिए करीब 1,000 लोग मौजूद थे।

एनकोना के लोक अभियोजक और पुलिस इस बात का स्पष्ट रूप से पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भगदड़ के समय मौके पर कितने लोग मौजूद थे। मीडिया की खबरों में कहा गया कि वहां 871 लोगों की तय सीमा से ज्यादा लोग मौजूद थे। घटना देर रात करीब एक बजे हुई।

अस्पताल ले जाए गए 16 वर्षीय एक किशोर ने मीडिया से कहा, ‘‘हम नाच रहे थे और कंसर्ट शुरू होने का इंतजार कर रहे थे, तभी हमें वहां कोई तेज गंध महसूस हुई।’’उसने कहा, ‘‘हम एक आपात द्वार की ओर दौड़े लेकिन वह जाम था और बाउंसर ने हमें वापस जाने को कहा।’’

आठ लोगों को तेज गंध वाला कोई पदार्थ छिड़कने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। ऐसी ही एक घटना वर्ष 2017 में तुरीन में चैंपियंस लीग फुटबॉल के फाइनल मैच के दौरान बम की अफवाह फैलने से मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि 1500 अन्य लोग घायल हुए थे।

Desk Team