जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सबसे ”विश्वसनीय” दोस्तों में से एक हैं और भारतीय नेता के साथ मिलकर वह हिन्द-प्रशांत क्षेत्र को खुला एवं मुक्त बनाने के लिए द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करना चाहेंगे।
जापान में दोनों नेताओं के बीच होने वाली शिखर बैठक वाले दिन भारतीय समाचारपत्रों में प्रकाशित एक संदेश में आबे ने कहा कि भारत एक वैश्विक शक्ति के तौर पर क्षेत्र एवं विश्व समृद्धि को प्रबल बना रहा है। जापानी प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने महान देश के एक उत्कृष्ट नेता हैं।
उन्होंने कहा, ”मेरा हमेशा से मानना रहा है और मैंने कहा है कि जापान एवं भारत के बीच के संबंध विश्व में सबसे बड़ी संभावना से समृद्ध है।” आबे ने कहा कि जापान और भारत का सहयोग सुरक्षा, निवेश, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, ”हम सभी क्षेत्रों में अच्छी स्थिति में हैं और जापान भारत की आर्थिक वृद्धि और उसकी (जापान की) विश्व अग्रणी तकनीकों का इस्तेमाल कर हाई-स्पीड रेल, भूमिगत मार्गों एवं अन्य अवसंरचनाओं के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेक-इन-इंडिया पहल को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
शिंजो आबे ने कहा कि जिस दिन सहयोग के माध्यम से जापानी शिंकनसेन बुलेट ट्रेनें मुंबई से अहमदाबाद के बीच दौड़ेंगी वह दिन भारत-जापान की भविष्य में दोस्ती का चमकता हुआ संकेत होगा।
जापानी नेता के संदेश में कहा गया, ”कल से जापान के दौरे पर आए प्रधानमंत्री मोदी मेरे सबसे भरोसेमंद दोस्तों में से एक हैं। पूरी जापान सरकार की ओर से गर्मजोशी से उनका स्वागत करना मेरा सौभाग्य है।” आबे ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर मैं खुले एवं मुक्त हिन्द-प्रशांत क्षेत्र के लिए जापान-भारत के सहयोग को मजबूत करना चाहूंगा।”


Download Android App
Download iOS App



