लाहौर : शहर के कोट लखपत जेल में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की स्वास्थ्य जांच करने वाले मेडिकल बोर्ड का कहना है कि वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं तथा उनके अभी और मेडिकल टेस्ट जरूरी हैं। सभी रिपोर्ट आने के बाद ही उनका इलाज शुरू हो पाएगा।
शरीफ की जांच करने वाले मेडिकल बोर्ड में लाहौर स्थित पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी के शाहिद हमीद, सज्जाद अहमद और हामिद खलील शामिल हैं। टीम ने शरीफ की विस्तृत जांच की और बुधवार को जेल में ही उनके तमाम मेडिकल टेस्ट कराए।
शरीफ अल-अजिजिया स्टील मिल्स भ्रष्टाचार मामले में सात साल कैद की सजा काट रहे हैं। शुक्रवार को जारी मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, शरीफ के दोनों हाथों में दर्द जैसे लक्षण हैं। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘शरीफ के दोनों हाथों में, खास तौर से रात को दर्द के लक्षण हैं और अंगूठे सुन्न हो रहे हैं।’’
उनका पहले ही कई बीमारियों का इलाज चल रहा है। इससे पहले शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने दावा किया था कि पूर्व प्रधानमंत्री का स्वास्थ्य खराब हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया था कि अधिकारी हृदय रोग विशेषज्ञों को जेल में शरीफ की जांच नहीं करने दे रहे हैं।
जेल के एक प्रवक्ता का कहना है कि डॉक्टरों ने शरीफ की जांच की है और वह ठीक हैं। उनका स्वास्थ्य अच्छा है। अपनी रिपोर्ट में विशेष मेडिकल बोर्ड ने कहा है कि शरीफ की 2001 और 2017 में कोरोनरी एंजियोप्लास्टी हुई और 2011 तथा 2016 में, दो बार ओपन हार्ट सर्जरी हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



