श्रीलंका के कैंडी जिले में सिंहली बौद्धों और अल्पसंख्यक मुस्लिमों में झड़प के एक दिन बाद सांप्रदायिक हिंसा पर काबू पाने के लिए 10 दिन के लिए आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है। यह जानकारी आज सरकार के प्रवक्ता ने दी। श्रीलंका में दोनों समुदायों के बीच पिछले एक साल से तनाव बढ़ता जा रहा है।
कुछ कट्टर बौद्ध समूहों का मुसलमानों पर आरोप है कि वे जबरन लोगों को धर्म परिवर्तन कर इस्लाम कबूल करा रहे हैं और बौद्धों के पुरातात्विक स्थलों को तहस-नहस कर रहे हैं। कुछ बौद्ध राष्ट्रवादी बौद्ध बहुल म्यांमार से आए मुस्लिम रोहिंग्या लोगों की श्रीलंका में मौजूदगी का भी विरोध रह रहे हैं।
सरकार के प्रवक्ता दयासिरी जयसेकरा ने बताया कि सांप्रदायिक दंगों को देश के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए मंत्रिमंडल की विशेष बैठक में देश में 10 दिन के लिए आपात स्थिति घोषित करने का फैसला किया गया। इसके अलावा फेसबुक के जरिये हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने का फैसला किया गया है। कैंडी में भीड़ द्वारा दुकान जलाए जाने के बाद मौके पर सुरक्षा बलों को भेज दिया गया और कर्फ्यू लगा दिया गया।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।