प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली में कृषि उन्नति मेले की शुरुआत की। बता दे कि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, आईएआरआई पूसा परिसर में तीन दिवसीय ” कृषि उन्नति मेला” का आयोजन किया गया है। जो 16 से 18 मार्च 2018 तक चलेगा । आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वार्षिक ‘कृषि उन्नति मेला’ में शामिल होते हुए जैविक कृषि पर पोर्टल की शुरुआत कि और 25 कृषि विज्ञान केंद्रों की नीव भी रखी। पीएम मोदी के अलावा इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस तरह के उन्नति मेले की न्यू इंडिया में जरूरत है क्योंकि देश में आज हज़ारों किसान तकनीक की सहायता से आगे बढ़ रहे हैं। आज अनेक राज्य रिकॉर्ड उत्पादन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में दूध, दाल, गेंहू का रिकॉर्ड उत्पादन हो रहा है। हमारे देश का कृषि सेक्टर दुनिया को राह दिखाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार किसानों की आय दोगुना करने के लिए काम कर रही है। लेकिन, समय के साथ जो चुनौतियां खेती से जुड़ती चली गईं, वो आज के इस दौर में बहुत अहम हैं।
मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान बीमा योजना के कारण किसानों को काफी फायदा पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश में 11 करोड़ से ज्यादा सॉयल हेल्थ कार्ड बांटे जा चुके हैं, सॉयल हेल्थ कार्ड से मिल रही जानकारी के आधार पर, जो किसान खेती कर रहे हैं, उनकी पैदावार बढ़ने के साथ-साथ खाद पर खर्च भी कम हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर ‘कृषि कर्मन’ और ‘पंडित दीन दयाल उपाध्याय कृषि विज्ञान प्रोत्साहन’ पुरस्कार भी दिए।
इस मेले की मुख्य थीम-2022 तक किसानों की आय दोगुना करना है। ‘कृषि उन्नति मेला’ का उद्देश्य किसानों के बीच कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में नवीनतम तकनीकी विकास के बारे में जागरूकता पैदा करना है। इसके आलावा मेले के मुख्य आकर्षणों में थीम पवेलियन, सूक्ष्म सिंचाई पर लाइव प्रदर्शन, अपशिष्ट जल उपयोग, पशुपालन और मत्स्य पालन आदि शामिल है। मेले में बीज, उर्वरकों और कीटनाशकों पर भी पवेलियन (मंडप) स्थापित किए गए है।
इससे पहले पीएम का स्वागत कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने इलायची की माला पहना कर किया साथ ही पीएम को केले के रेशे से निर्मित शाल भेट की गई। इस अवसर पर पीएम ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों ने देश को रिकॉर्ड उत्पादन कर सम्मानित किया है। कृषि के उत्थान से न्यू इंडिया का सपना मजबूत होगा। किसान और वैज्ञानिक न्यू इंडिया के दो पहरी है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।