पंजाब : पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने पठानकोट में तिरंगा फहराया। इन दोनों राज्यों में जिला मुख्यालयों और राजधानी चंडीगढ़ में इस मौके पर परेड का आयोजन किया गया और इसमें पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी के जवानों ने हिस्सा लिया। हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने अंबाला में तिरंगा फहराया। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पटियाला में राष्ट्र ध्वज फहराया तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रोहतक में तिरंगा झंडा फहराया।
मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने शिलांग के पोलो मैदान में ध्वजारोहण करने के बाद तोपों की सलामी ली। उन्होंने इस मौके पर कहा कि मेघालय पूर्वोत्तर के ऐसे राज्य के रूप में उभरा है जहां पर्यटक सबसे ज्यादा आना पसंद करते हैं। राज्य में साल 2022 में राष्ट्रीय खेल का आयोजन होना है। इस बारे में राज्यपाल ने कहा कि राज्य के दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स जिला और ईस्ट खासी हिल्स जिला पोमलाकरई में इंडोर स्टेडियम का निर्माण हो रहा है।
महाराष्ट्र के राज्यपाल सी विद्यासागर राव ने 69वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शिवाजी पार्क में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले चार साल में राज्य ने औसतन नौ फीसदी की आर्थिक वृद्धि की है। इस मौके पर राज्यपाल ने महाराष्ट्र के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां आयोजित परेड में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और सरकारी विभागों के दस्तों ने हिस्सा लिया। त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत रॉय ने असम राइफल्स मैदान में तिरंगा फहराया।
उन्होंने यहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस, अर्धसैनिक बलों और सेना को देश की सीमा की सुरक्षा करने के लिए शुक्रिया अदा किया। उन्होंने राज्य के लोगों को भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की पुरानी परंपरा को बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया। राज्यपाल ने राज्य के लोगों को स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उनके योगदान को धार्मिक या जातीय संबंधी हिंसा से अपमानित नहीं किया जाना चाहिए।
झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने रांची में गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा झंडा फहराया। उन्होंने कहा कि यह राज्य देश में गुजरात के बाद वृद्धि दर के मामले में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे कई क्षेत्र हैं जिसकी प्रशंसा हो रही है और उसका पालन अन्य राज्य भी कर रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ