त्रिपुरा और नगालैंड विधानसभा चुनावों में भाजपा और उसके सहयोगियों के शानदार प्रदर्शन के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि कांग्रेस आज अपने सबसे निचले स्तर पर है और लोगों ने उसे हर जगह खारिज कर दिया है । खट्टर ने दावा किया कि कांग्रेस को कर्नाटक में चुनाव होने पर और पराजय का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ”जहां तक नीतियों की बात है कांग्रेस कभी स्पष्ट नीति नहीं दे पायी कि जिससे फैसला हो कि देश किस दिशा में आगे बढ़ेगा। भाजपा ने इस कार्य को पूरा किया और लोगों ने इसे सराहा।” त्रिपुरा के चुनाव परिणाम के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि वहां लोगों ने सरकार की नीतियों को खारिज कर दिया। त्रिपुरा में भाजपा ने वाम मोर्चा सरकार को परास्त कर दिया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा, ”सरकार के खिलाफ गुस्सा है और यह त्रिपुरा में दिखा है। पच्चीस साल बाद वाम गढ़ ढह गया और भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने को तैयार है।” खट्टर ने कहा, ”कांग्रेस आज अपने निचले स्तर पर है और महज तीन या चार राज्यों में सत्ता में है जबकि वाम का शासन बस एक राज्य (केरल) में है। पूर्वोत्तर में केवल मिजोरम ही अब कांग्रेस के पास बचा है। (भाजपा के अच्छे प्रदर्शन का) श्रेय हमारे नेतृत्व और नीतियों को जाता है जिसे हमारी पार्टी ने आम लोगों के पक्ष में लाया है।”
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।