अम्बाला : हरियाणा स्टॉफ सलेक्शन कमीशन की जूनियर सिविल इंंजीनियर पद की परीक्षा में गैर जरूरी सवाल पूछकर ब्राह्मणों की भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले चेयरमैन बीबी भारती की बर्खास्तगी और दोषियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग को लेकर अम्बाला कैन्टोनमेंट बोर्ड के पूर्व डिप्टी चेयरमैन एवं एससी सुरेन्द्र तिवारी ने अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस में ब्राह्मण समाज के सैंकड़ों लोगों के सामने रोष स्वरूप मुंडन करवा लिया। गुस्साए ब्राह्मण समाज ने ब्राह्मण सेना के नेतृत्व में अम्बाला छावनी में रोष प्रदर्शन करते हुए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज को ज्ञापन सौंपा।
रोष प्रदर्शन में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा अम्बाला, ब्राह्मण एकता शक्ति संगठन, ब्राह्मण संगठन, ब्राह्मण परिवार मिलन, अम्बाला जिला ब्राह्मण महासभा ग्रामीण, ब्राह्मण सभा रेलवे कालोनी तथा ब्राह्मण समाज कल्याण परिषद् के पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे। ज्ञापन में खुलासा किया गया है कि एचएसएससी की ओर से जेई पद के लिए 10 अप्रैल को ली गई परीक्षा में प्रश्न नम्बर 75 में पूछा गया है कि हरियाणा में निम्नलिखित में से कौन अपशगुन नहीं माना जाता है। इस संदर्भ में ब्राह्मण समाज को नीचा दिखाने के लिए ऑप्शन के रूप में – ब्राह्मण कन्या को देखना और काले ब्राह्मण से मिलना दर्शा कर सही उत्तर के रूप में ब्राह्मण कन्या को देखना दर्शाया गया है।
यह न केवल ब्राह्मण समाज पर कड़ा प्रहार है बल्कि रंगभेद के साथ-साथ हरियाणा में भाईचारा बिगाडऩे का षडयंत्र है। ब्राह्मण समाज की मांग है कि ऐसी नीचता पूर्ण हरकत के लिए दोषी चेयरमैन भारत भूषण भारती और अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा इन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए ताकि भविष्य में कोई भी किसी भी समाज की धार्मिक भावनाओं से इस प्रकार खिलवाड़ करके प्रदेश के भाईचारे और शांति व्यवस्था को बिगाडऩे का दु:साहस न कर सके। कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने ब्राह्मण समाज की ओर से दिए गए इस ज्ञापन को सीएम हरियाणा तक पहुंचाकर उचित कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया है।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।
(राजेन्द्र भारद्वाज)