पटना : बिहार कांग्रेस के एआईसीसी प्रभारी श्री शक्ति सिंह गोहिल के प्रथम बिहार आगमन पर प्रदेश पार्टी कार्यालय सदाकत आश्रम में उनके लिए स्वागत समारोह का आयोजन किया गया | इस अवसर पर कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता श्री सदानंद सिंह ने कहा मोदी जी के कांग्रेस मुक्त के बदले आज देश भाजपा मुक्त की ओर बढ़ रहा है |
श्री सिंह ने स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शक्ति सिंह गोहिल जी महात्मा गाँधी के जन्मभूमि से कर्मभूमि पर बिहार कांग्रेस प्रभारी बनकर आये हैं | जैसे गाँधी जी ने कांग्रेस के झंडे तले देश से अंग्रेजों को भगाया था, वैसे ही गोहिल जी कांग्रेस को मजबूत कर बिहार को भाजपा मुक्त करेंगे |
इस समारोह को प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष श्री कौकब कादरी, पूर्व अध्यक्ष चन्दन बागची, नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह, पूर्व मंत्री श्रीमती ज्योति, पूर्व सीएलपी लीडर विधायक विजय शंकर दूबे, विधायक डॉ. अशोक राम, विधान परिषद् में कांग्रेस के नेता डॉ. मदन मोहन झा आदि ने भी संबोधित किया | मंच का संचालन सेवादल के अध्यक्ष अजय कुमार चौधरी ने किया |
स्वागत समारोह के बाद बिहार कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित आमंत्रण यात्रा की शुरुआत हुयी | इस यात्रा के प्रथम चरण में शिवहर के लिए प्रदेश कांग्रेस के नेतागण श्री शक्ति सिंह गोहिल के साथ प्रस्थान किये |
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।