रायपुर:छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बैठक हुई। बैठक में दिसंबर से फरवरी तक संगठन के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। पार्टी अब अगले तीन महीने तक प्रत्येक लोकसभा पर फोकस करेगी। इसके तहत सभी लोकसभा इलाकों में महिला, युवा और अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चो के बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष से लेकर केन्द्रीय नेता भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ भाजपा ने मिशन 2018 की तैयारियां तेज कर दी है।
इसी सिलसिले में गांव-गांव और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को चार्ज करने बड़े कार्यक्रम और सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बुधवार को आयोजित बैठक में कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। कोर ग्रुप की बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ सिंह ने बताया कि संगठन ने प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों पर फोकस करने का फैसला लिया है।
इसके तहत लोकसभावार कार्यक्रम दिसंबर से फरवरी के बीच आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम मोर्चा संगठनों के होंगे। उन्होंने बताया कि लोकसभा सम्मेलनों के साथ-साथ विधानसभा और बूथ स्तर तक पहुंचने के लिए कार्ययोजना बनाई गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की तरह प्रदेश अध्यक्ष भी राज्य के अलग अलग इलाकों में तीन दिन का समय बिताएंगे। बताया जा रहा है कि दिसंबर और जनवरी में बस्तर-सरगुजा में अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चा के सम्मेलन तय किए गए हैं। संगठन इन कार्यक्रमों के जरिए गतिविधियों में गतिशीलता लाने के मकसद से तैयारी में जुट गए है। कोर ग्रुप की बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, सरोज पांडे, पवन साय, धरमलाल कौशिक सहित अन्य मौजूद थे।