बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह चुनावी राज्य कर्नाटक में पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने मैसूर में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘जुबान फिसल जाने की वजह से मैंने सिद्धारमैया सरकार की जगह येदुरप्पा सरकार को भ्रष्ट बता दिया और पूरी कांग्रेस पार्टी खुशी से झूमने लगी। मैं कांग्रेस को कहना चाहता हूं कि मैंने गलती कर दी है लेकिन कर्नाटक की जनता ये गलती नहीं करेगी।’
वही ,भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कर्नाटक की जनता से राज्य में अगली सरकार बनाने में उनकी पार्टी को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि जनता दल (सेक्यूलर) में सत्तारूढ़ कांग्रेस को उखाड़ फेंकने की ताकत नहीं है।
अमित शाह ने यहां बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल भाजपा में भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने की शक्ति है। जद (एस) कुछ सीटें जीतने में जरूर सफल होगी लेकिन उसके पास अपने दम पर सरकार बनाने की क्षमता नहीं है लिहाजा लोगों को कांग्रेस को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करना चाहिए।
दावणगेरे में हाल में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान गलत बयान देने को स्वीकार करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारामैया ने इस पर ट्वीट करके इसे तूल देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनसे गलती हुई है लेकिन कर्नाटक के लोग मतदान के समय गलत निर्णय नहीं लेंगे।
अमित शाह ने अपने बयान में कहा था कि उच्चतम न्यायालय के एक न्यायाधीश के मुताबिक राज्य में श्री येद्दयुरप्पा की सरकार सबसे भ्रष्ट थी। भाजपा सांसद प्रह्लाद जोशी ने तुरंत उनकी इस चूक की ओर इशारा किया जिसके बाद उन्होंने अपनी गलती सुधार ली। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस का दावा है कि पुराने मैसुरू क्षेत्र में भाजपा के पास शक्ति नहीं है लेकिन अब रुख बदल गया है और इस बार लोग कांग्रेस और जद (एस) दोनों को झटका देने वाले हैं।
मैसुरू नगर निगम के पूर्व मेयर एवं जद (एस) के नेता संदेश स्वामी नवशक्ति समावेश के दौरान भाजपा में औपचारिक तौर पर शामिल हो चुके हैं। जद (एस) ने उन्हें नरसिम्हाराजा विधानसभा क्षेत्र से टिकट नहीं दिया जिससे नाराज होकर वह भाजपा में शामिल हो गये।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।