राजस्थान में अजमेर शहर के स्टेशन रोड स्थित मोईनिया इस्लामियां स्कूल के बाहर बने इंदिरा गांधी स्मारक पर लगे देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के भित्ती चित्र को देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा हटाए जाने के बाद कांग्रेसजनों में रोष व्याप्त हो गया है।
शहर कांग्रेस ने इस पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए आज पुन: नया भित्ती चित्र लगा दिया लेकिन सभी कांग्रेसियों ने जिला प्रशासन से भित्ती चित्र की सुरक्षा की मांग करते हुए इंदिरा गांधी की स्थाई प्रतिमा लगाने की मांग की है।
शहर कांग्रेस के प्रवक्ता अंकुर त्यागी ने बताया कि इस तरह का कृत्य कांग्रेस कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष कैलाश झालीवाल ने तो नगर निगम एवं नगर सुधार न्यास पर ही सवाल खड़े कर दिए और कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में रही और दोनों स्थानों पर कांग्रेसी अध्यक्ष रहे तब वे लोग भी इंदिरा की मूर्ति नहीं लगा पाए जो खेद का विषय है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि जल्द ही यहाँ पर इंदिरा की मूर्ति लगाने का रास्ता खोला जाएगा। शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सबा खान ने अपना रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जन जन की नेता रही इंदिरा गांधी का चित्र 1984 से यहां स्थापित है और कतिपय शरारती तत्व जानबूझकर इस तरह की हरकत कर रहे है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।