भारत

Maharashtra और Jharkhand विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 23 नवंबर को आएंगे नतीजे

Pannelal Gupta

Election Date 2024: भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मंगलवार को महाराष्ट्र(Maharashtra )और झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। झारखंड में दो चरणों में चुनाव कराया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए 13 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को वोटिंग होगी, झारखंड के साथ साथ ही महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए भी चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है, जबकि नतीजे 23 नवंबर को घोषित होंगे।

एक लाख से अधिक बनेंगे मतदान केंद्र

भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक, महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए एक लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि ईसीआई दोनों राज्य में समावेशी और सुलभ चुनावों के जरिए सुचारू मतदान अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। राजीव कुमार ने कहा, झारखंड में कुल मतदाताओं की संख्या 2.6 करोड़ है, जिनमें से 1.31 करोड़ पुरुष और 1.29 करोड़ महिला मतदाता हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख है। झारखंड में 1,00,186 मतदान केंद्र हैं, इस बार 29,562 पोलिंग स्टेशन होंगे।

9.63 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान

राजीव कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में 9.63 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 4.97 करोड़ पुरुष वोटर हैं, जबकि 4.66 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 1.85 करोड़ युवा वोटरों की उम्र 20 से 29 साल के बीच है। वहीं, 20.93 लाख वोटर पहली बार मतदान में हिस्सा लेंगे। 12.43 लाख वोटरों की उम्र 85 साल से अधिक है। इसके साथ ही ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 6,031 है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के मुताबिक, महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए एक लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। ईसीआई महाराष्ट्र में समावेशी और सुलभ चुनावों के जरिए सुचारू मतदान अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की तारीख

22 अक्टूबर (मंगलवार)- राजपत्र अधिसूचना जारी करने की तारीख
29 अक्टूबर (मंगलवार)- नामांकन की अंतिम तिथि
30 अक्टूबर (बुधवार)- नामांकन की जांच की तिथि
04 नवंबर (सोमवार)- उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि
20 नवंबर- महाराष्ट्र में एक चरण में होगा चुनाव
23 नवंबर- महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए होगी मतगणना

इसके साथ ही, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने उपचुनाव की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है। उन्होंने बताया कि 15 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और दो संसदीय सीटों पर उपचुनाव होना है।

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं