भारत

स्व. श्री अश्विनी कुमार चोपड़ा जी की चौथी पुण्यतिथि पर ‘चौपाल’ कर रहा है ‘सुगम ऋण वितरण कार्यक्रम’ का आयोजन

Desk Team

पंजाब केसरी दिल्ली के मुख्य संपादक एवं हरियाणा स्थित करनाल से भाजपा के पूर्व सांसद सदस्य रहे सीनियर पत्रकार स्व. श्री अश्विनी कुमार चोपड़ा जी के देहांत को आज चार वर्ष बीत चुके है। स्व. श्री अश्विनी चोपड़ा जी की आज मधुर स्मृति में चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर चौपाल द्वारा 250 महिलाओं को कामकाज हेतु सुगम ऋण वितरण कार्यक्रम एवं श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के मौके पर श्री अश्विनी कुमार एवं अन्य पत्रकारों द्वारा लिखित लेखों के संग्रह पुस्तक 'रोम-रोम में राम' का विमोचन भी किया जाएगा।

यह कार्यक्रम दिल्ली में 18 जनवरी 2024, सायं: 3 बजे गान्धी दर्शन एवं स्मृति समिति, राजघाट में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , श्री अलोक कुमार जी (केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, वि.हि.प.),श्री प्रेम जी गोयल ( वरिष्ठ प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ) , श्री कुलभूषण आहूजा जी (राष्ट्रीय सेवा भारती ) , श्री रजत शर्मा जी (इंडिया टीवी) शामिल होने वाले है। वहीं इस कार्यक्रम में चौपाल परिवार के सदस्य रविन्द्र बंसल, जितेन्द्र महाजन, विनोद गोयल, सुनील सेठी, अंकुश विज,राजकुमार भाटिया, विकेश सेठी, प्रवीण बंसल भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

पंजाब केसरी के हर कर्मचारी के दिल में, हर उस परिचित के दिल में जिससे कभी उनका नाता रहा, उनके निर्वाचन क्षेत्र के हर व्यक्ति के दिलों में बसे हुए हैं। अश्विनी जी ऑलराउंडर थे-एक अच्छे पत्रकार, क्रिकेटर, सफल राजनेता थे, उन्हें हर विषय का ज्ञान था। सारे वेद पढ़े हुए थे, गीता, रामायण के श्लोक कंठस्थ थे। आर्य समाजी होने के नाते सभी मंत्र आते थे। ज्योतिष शास्त्र, खगोल शास्त्र, इतिहास, राजनीति और विश्व के भूगोल की पूरी जानकारी थी। अश्विनी जी एक ईमानदार, कर्मठ, अति साधारण और उच्च विचारों वाला स्पष्टवादी सांसद थे, जो लोगों के दिलों में राज करता था, हर कोई उन्हें अपना समझते थे जो आज भी उनके अपनेपन को महसूस करते हैं।
अश्विनी जी आर. एस. एस. की विचारधारा को मानते थे परन्तु उनके संबंध सभी राजनैतिक पार्टियों के नेताओं से थे। चाहे मोदी जी, राजनाथ, स्व. अरुण जेटली , गुलाम नबी आजाद, स्व. शरद यादव, लालू यादव, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी। इतने बड़े कद्दावर व्यक्तित्व के स्वामी होते हुए भी वह अपने अंदर एक मासूम व शरारती बच्चे का मन भी रखते थे। कुल मिलाकर वो सर्वगुण सम्पन्न व्यक्ति थे, हैं और हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगे हमारे अश्विनी जी….