पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में बाढ़ से संबंधित समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने अभी तक बाढ़ से प्रभावित जिलों के बारे में जानकारी दी। उत्तर बिहार के विभिन्न जगहों पर उत्पन्न बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिये किये जा रहे राहत एवं बचाव कार्य के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने उत्तर बिहार की विभिन्न नदियों के जलस्तर में वृद्धि के संबंध में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के समक्ष अगले दो दिनों में संभावित वर्षापात की भी जानकारी दी गई। पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा तथा ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव विनय कुमार ने बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सडक़ों के मरम्मती कार्य के बारे में जानकारी दी। बैठक में मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर आकलन करते रहने का निर्देश दिया। नदियों के जलग्रहण क्षेत्र में सतर्कता बनाये रखने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों के लिए कैंप की व्यवस्था बेहतर ढंग से करवाने का एवं लोगों से संपर्क बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित सभी जगहों पर पैनी नजर बनाए रखें।
बैठक में जल संसाधन मंत्री संजय झा, मुख्य सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त सुभाष शर्मा, जल संसाधन विभाग के अपर सचिव अरुण कुमार सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, कृषि विभाग के प्रधान सचिव सुधीर कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा, पशु एवं मत्स्य विभाग की सचिव श्रीमती एन. विजयालक्ष्मी, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव विनय कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण के सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, लोक स्वास्थ्य अभिंयत्रण विभाग के सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री सचिवालय के अपर सचिव चंद्रशेखर सिंह सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।