बिहार में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को अगले 10 दिनों तक के लिए बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ राज्य में जारी लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा के बाद इसे अगले 10 दिनों तक बढ़ने का फैसला लिया है।
नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लोगों को लॉकडाउन के बढ़ाए जाने की जानकारी देते हुए लिखा कि आज सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ बिहार में लागू लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा की गई। लॉकडाउन का सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। अत: बिहार में अगले 10 दिनों अर्थात 16 से 25 मई, 2021 तक लॉकडाउन को विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है।
बिहार में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ रहे मामले को देखते हुए नीतीश सरकार ने पिछले 4 मई को राज्य में 05 मई से 15 मई तक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया था। उल्लेखनीय है कि बिहार में लॉकडाउन लगाए जाने के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या में गिरावट देखी जा रही है।
बुधवार को 22 दिनों के बाद एक दिन में नए संक्रमितों की संख्या 10 हजार के नीचे आई थी। बुधवार को राज्य में 9,863 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है, जिससे राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 99,623 पहुंच गई है। राज्य का रिकवरी रेट भी बढकर 83.43 प्रतिशत दर्ज किया गया।