भारत सरकार में रहे पूर्व नौकरशाह और बाबू धाम ट्रस्ट के संस्थापक अजय प्रकाश पाठक ने ग्राम बड़गो में लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि बाबू धाम ट्रस्ट गरीबों की सेवा के लिए है। उनकी सुविधा के लिए है। पिछले एक दशक से ट्रस्ट ने जनहित कार्यों में बहुत अच्छा काम किया है और आगे भी ट्रस्ट बेहतरीन काम करती रहेगी।
अजय प्रकाश पाठक कल अपने ग्राम के लोगों से मुखातिब हो रहे थे। उन्होंने ट्रस्ट के कार्यों का लेखा जोखा लोगों के सामने रखा। महिलाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए उनके ट्रस्ट ने अभूतपूर्व कार्य किया है। उन्होंने बताया कि रामनगर में उनके ट्रस्ट के द्वारा चलित कोचिंग संस्थान से लगभग 100 बच्चे सरकारी सेवा के लिए चयनित हो चुके हैं। जिसमे लगभग 30 फीसदी लड़कियां है। थारू समुदाय की लगभग 20 लड़कियां चयनित हो चुकी हैं।
महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रख कर लेडी काउंसलर की व्यवस्था कराई गई। जिन्होंने पूरे चंपारण में बच्चीयों को सफाई, स्वास्थय, सेनेटरी पैड्स और अन्य चीज़ों के बारे में जानकारी दी। ट्रस्ट ने लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मुफ्त स्वास्थ्य शिविर लगवाएं और मुफ्त में दवाइयों का इंतजाम किया।विटामिन K इंजेक्शन्स का मुफ्त में वितरण किया।
पूर्व में लाखों लोगों तक कम्बल और साड़ी का ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क वितरण हुआ। कैंप लगाकर वृद्ध पेंशन, सामाजिक सुरक्षा लाभ लोगों तक ट्रस्ट द्वारा पहुंचाया गया। किसानों को सरकार से मदद दिलवाई गई। पूरे लॉकडाउन के दौरान लोगों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा मुफ्त राशन वितरण भी किया गया। सड़कों, सार्वजनिक स्थलों आदि का फ्री सेनेटाइजेशन कराया गया। गांवों, गरीब बस्तियों, हरिजन टोलों को फ्री सेनेटाइजेशन कराया गया ।
लोगों ने पाठक से कांग्रेस का टिकट नही मिलने का कारण पूछा। जिस पर पाठक ने कहा कि मैं और मेरा ट्रस्ट चंपारण की सेवा के लिए है। राजनीति के लिए नहीं। पार्टी ने टिकट नही दिया इसका कारण पार्टी को पता होगा। मेरा उद्देश्य आपकी शिक्षार्थ और सेवार्थ कार्यों को करने का है। मैं वही करता रहूंगा। इसके अलावा उन्होंने लोगों के प्रेम और समर्थन के लिए सबका शुक्रिया अदा किया। जाते-जाते उन्होंने सबसे वोट करने की अपील भी की।