बिहार के नालंदा जिले में दो सगे भाइयों की शनिवार की रात बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों युवक ऑटो चलाते थे। शनिवार की शाम कुछ लोग ऑटो रिजर्व कराकर साथ ले गए थे। नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के कुशहर जाने वाली सड़क किनारे रविवार की सुबह दोनों भाइयों के सिरकटे शव बरामद हुए। एक शव सड़क किनारे था, तो दूसरा शव कुछ दूरी पर मिला। एक ही जगह दो शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की कोशिशों से शव मिलने के कुछ घंटे बाद दोनों की पहचान संभव हो सकी। दोनों मृतक बिंद थाना क्षेत्र के लोदीपुर पंचायत के रसलपुर गांव के विजेंद्र पासवान के पुत्र थे। बड़ा भाई भोला पासवान 27 वर्ष का था। वह अपने पीछे दो पुत्र व एक पुत्री छोड़ गया है। वहीं छोटा भाई टूटू पासवान 24 वर्ष का था। उसकी भी शादी हो चुकी थी और दो पुत्र व एक पुत्री का पिता था।
मृतकों के परिजनों ने बताया कि 10 दिन पहले गांव में ही ऑटो धोने के दौरान दूसरे टोले के लड़कों से झगड़ा हुआ था। मारपीट के बाद पुलिस से शिकायत भी की गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। रविवार की सुबह तीन बजे बदमाशों ने राजगीर ले जाने के नाम पर उनका ऑटो रिजर्व किया। गांव से कुछ दूर जाकर गला रेतकर मार डाला। परिजन का कहना है कि जब तक अपराधी पकड़े नहीं जाते पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे।
शनिवार शाम जब से उनका ऑटो रिजर्व करके कहीं ले गए थे तब से ही उनका पता नहीं था। इनका ऑटो भी गायब है।आशंका जताई जा रही है कि ऑटो लूटने के बाद अपराधियों ने दोनों भाइयों की हत्या कर दी होगी। दूसरा बिंदु ऑटो लूट की आड़ में पुरानी दुश्मनी साधने का लग रहा है। पुलिस दोनों बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है।
थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहा रशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पटना से फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड बुलाने की भी तैयारी है, ताकि हत्यारों का कुछ सुराग हाथ लग सके।