केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार और देशभर में मुगलों से जुड़े शहरों के नाम बदलने की मांग करते हुए कहा कि बिहार के कई शहरों के नाम बदले जाने की जरूरत है। अपने बयानों से विवादों में रहने वाले नेताओं में शुमार गिरिराज ने इलाहाबाद का नाम प्रयागराज किए जाने के योगी सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इसी तरह बिहार के बख्तियारपुर का नाम भी बदलना चाहिए।
गिरिराज सिंह ने पटना में सोमवार को कहा, ‘आक्रांताओं ने हमारे शहरों के नाम बदले थे लेकिन ऐसे वक्त में जब आज हम सत्ता में आए हैं तो उन नामों को बदल रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि बिहार को खिलजी ने लूटा था और आज बिहार के बख्तियारपुर से लेकर कई शहर उन्हीं के नाम पर हैं, ऐसे में इन शहरों का भी नाम बदल देना चाहिए। देश में मुगलों से जुड़े नाम को बदल देना चाहिए।
भाजपा सांसद ने कहा कि भारत के लोग राम के वंशज हैं न कि मुगलों के। राम मंदिर निर्माण के संबंध में उन्होंने कहा कि देश में राम मंदिर बनेगा और मुसलमानों के साथ मिलकर बनेगा और जो लोग मंदिर बनाने में रूकावट पैदा करेंगे, उन्हें अंजाम भी भुगतना होगा।


Download Android App
Download iOS App



