देश की शान स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने बीते रविवार को इस दुनिया से हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। लता जी के निधन के साथ एक खूबसूरत युग का अंत हो गया है। यही नहीं कई लोग तो अभी भी इस कड़वे सत्य को नहीं अपना पा रहे हैं कि लता जी अब हम सबको छोड़कर जा चुकी हैं।
वहीं लता जी को अंतिम विदाई देने के लिए कई बड़े सितारें भी पहुंचे। इस दौरान अभिनेत्री श्रद्धा कपूर भी नजर आई, जो बहुत भावुक दिखाई दी और उनकी आंखें नम थीं। मालूम हो श्रद्धा, शक्ति कपूर और शिवांगी कोल्हापुरे की बेटी हैं। तो आइये जानते हैं कि वे रिश्ते में लता मंगेशकर की क्या लगती हैं।
श्रद्धा कपूर और लता जी का रिश्ता?
लता मंगेशकर और श्रद्धा कपूर की कई सारी तस्वीरें आपने साथ में देखी होंगी। एक्ट्रेस लता दीदी के साथ कुछ इवेंट्स पर साथ भी दिखाई दी हैं। श्रद्धा मशहूर सिंगर को आजी कह कर बुलाती थीं और सोशल मीडिया पर श्रद्धा ने लता संग फोटोज भी शेयर की हैं।
हाल ही में श्रद्धा कपूर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर लता मंगेशकर संग कुछ थ्रोबैक तस्वीरों को शेयर करके उन्हें याद किया है। एक्ट्रेस ने तस्वीरों के कैप्शन लिखा है, मैं आपके साथ खास पलों को साझा करने के सम्मान को हमेशा संजो कर रखूंगी। मेरे सिर पर आपका हाथ, आपकी स्नेह भरी निगाहें, प्रोत्साहन के लिए आपके प्यार भरे शब्द। आपकी सादगी, दिव्यता, उत्कृष्टता और अनुग्रह के लिए धन्यवाद। वास्तव में अब तक का सबसे महान! आई लव यू लता आजी।’
तो आपकी जानकारी के लिए बता दें, श्रद्धा और लता रिश्तेदार हैं। श्रद्धा के नाना पंडित पंधारिनाथ कोल्हापुरे लता मंगेशकर के पहले चचेरे भाई थे। श्रद्धा, लता जी को अपनी इंस्पिरेशन मानती हैं और खुद भी उन्हें संगीत से खासा लगाव है। वहीं एक्ट्रेस लता जी से मिलने उनके घर भी जाती रहती थीं।
गौरतलब है, 6 फरवरी, 2022 को लता मंगेशकर ने 92 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। लता जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया और 2 दिन का राष्ट्रीय शोक भी रखा गया। उनके अंतिम संस्कार में फिल्म जगत से लेकर क्रिकेट और नेता सभी शामिल हुए। साथ ही नम आंखों से देशभर के लोगों ने अपनी प्यारी लता दीदी को अंतिम विदाई दी।
कुछ इतना लंबा रहा करियर…
लता मंगेशकर ने अपने करीब 8 दशक लंबे करियर में करीब 30 हजार गानों में अपनी आवाज दी। दुनियाभर में उनके गानों को खूब पसंद किया जाता है। भले ही लता मंगेशकर अब हमारे साथ नहीं हो, लेकिन उनके गानों की गूंज हमेशा सभी के दिलों में बसी रहेगी।