सलमान खान और कैटरीना कैफ के चाहने वालों के लिए उनकी अपकमिंग फिल्म टाइगर 3 से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। जी हां, मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। वहीं कैटरीना और सलमान दोनों ने भी एक वीडियो क्लिप साझा कर फैंस को गुड न्यूज दी है। इन स्टार्स ने बताया कि फिल्म 21 अप्रैल 2023 ईद पर रिलीज होगी। फिल्म तीन भाषाओं हिंदी, तमिल और तेलुगु में थिएटर्स में रिलीज होगी।
बता दें, वीडियो क्लिप के साथ सलमान और कैटरीना ने अपने फैंस के लिए अलग-अलग मैसेज लिखे हैं। इसी के साथ ही ऐसा लग रहा है कि एक्ट्रेस फिल्म में ऐक्शन सींस करती नजर आएंगी।
कैटरीना कैफ द्वारा शेयर किये गए इस वीडियो क्लिप में लिखा गया है, टाइगर और जोया फिर से वापस आ रहे हैं। 2023 की ईद पर सिनेमाघरों में। टाइगर 3 हिंदी, तमिल और तेलुगु में आपके नजदीकी सिनेमाघरों में 21 अप्रैल 2023 को रिलीज हो रही है। वहीं भाईजान ने इस वीडियो को पोस्ट करके इसके साथ में लिखा, हम सब अपना-अपना खयाल रखें। 2023 ईद को टाइगर 3 सिर्फ बड़े पर्दे पर रिलीज हो रही है।
इस वीडियो क्लिप में मिसेज विकी कौशल कुछ लड़कों के साथ इंटेंस फाइट सीन देती नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस के पास हाथ में चाकू जैसा कोई हथियार भी है। वहीं उनके साथ सलमान खान सोते दिख रहे हैं। कटरीना उन्हें आकर जगाती हैं और बोलती हैं, आपकी बारी। पूछती हैं, रेडी? इस पर सलमान बोलते हैं, टाइगर हमेशा रेडी रहता है।
बता दें, फिल्म टाइगर 3 की शूटिंग लंबे समय से जारी है। मगर शादी के टाइम पर कैटरीना कैफ ने थोड़े दिनों का ब्रेक लिया था। आउटडोर शूटिंग के बाद फिल्म का कुछ हिस्सा दिल्ली और नोएडा में फिल्माया गया था। इस फिल्म में भाईजान और कैटरीना के साथ इमरान हाशमी भी हैं।