बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत एक बार फिर से सुर्खियों में आ गई हैं। इस बार कंगना रनौत के पर्सनल बॉडीगार्ड कुमार हेगड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। एक महिला ने कुमार हेगड़े पर यौन शोषण का सनसनीखेज आरोप लगाया है। कंगना रनौत के बॉडीगार्ड कुमार हेगड़े पर मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है ।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 साल की एक ब्यूटीशियन महिला ने बॉडीगार्ड कुमार हेगड़े पर आरोप लगाया है कि उन्होंने शादी का झांसा देकर उनका रेप किया है। एफआईआर के अनुसार, पीड़िता पिछले साल जून में एक फिल्म शूटिंग के दौरान कुमार हेगड़े से मिली थी।
महिला ने शिकायत में बताया है कि कुमार हेगड़े ने पहले शादी के लिए प्रपोज किया। इसके अलावा कुमार हेगड़े ने उससे लिव इन रिलेशनशिप में रहने के लिए कहा तो वह तैयार हो गई क्योंकि उसे इस बात की उम्मीद थी कि वह उनसे शादी करेगा।
शिकायत में महिला ने यह भी बताया कि उसने फिजिकल रिलेशन बनाने से मना कर दिया लेकिन कुमार हेगड़े ने इसके लिए मजबूर किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कुमार हेगड़े ने यह कहते हुए 50 हजार रुपये उधार लिए कि उसकी मां की तबीयत खराब है और उसे अपने होमटाउन जाना है। तब से वह उसके संपर्क में नहीं है।
बाद में पता चला कि कुमार हेगड़े किसी और महिला से शादी करने जा रहा है। पीड़िता ने दावा किया है कि कुमार हेगड़े की मां ने उसे अपने बेटे से दूर रहने की धमकी दी थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तहकीकात शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस ने धारा 376 (बलात्कार), 377 (अप्राकृतिक यौन संबंध) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत कुमार हेगड़े के खिलाफ केस दर्ज किया है।