कोरोना टेस्ट में नेगेटिव रिपोर्ट आने पर शाजा मोरानी को मिली अस्पताल से छुट्टी, शेयर किया भावुक पोस्ट

Summary :

बीते दिनों फिल्म निर्माता करीम मोरानी और उनकी दोनों बेटियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पूरे बॉलीवुड में दहशत का माहौल है लेकिन इसी बीच एक राहत भरी खबर ये आयी है कि करीम मोरानी की बड़ी बेटी शाजा मोरानी की कोविड—19 रिपोर्ट के नेगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है ।

बीते दिनों फिल्म निर्माता करीम मोरानी और उनकी दोनों बेटियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पूरे बॉलीवुड में दहशत का माहौल है लेकिन इसी बीच एक राहत भरी खबर ये आयी है कि करीम मोरानी की बड़ी बेटी शाजा मोरानी की कोविड—19 रिपोर्ट के नेगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है । 
मार्च के पहले सप्ताह में श्रीलंका से वापस लौटी शाजा में कोरोना का लक्षण नहीं दिखा था लेकिन सात अप्रैल को जांच के बाद नानावटी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था, जहां उनमें इस वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुयी। इसके बाद उनके परिवार के अन्य सदस्यों को भी जांच के लिए भेजा गया था। 
बता दें, मोरानी परिवार में सबसे पहले शाजा में ही कोरोना वायरस का संक्रमण पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद उनकी बहन ज़ोया और पिता करीम मोरानी भी कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे। शाजा के पिता और बहन अब भी अस्पताल में भर्ती है और उनकी अगली टेस्ट रिपोर्ट्स आने का इंतजार है। 
 परिवार के करीबी सूत्र ने बताया, ‘शाजा को अस्पताल से शनिवार को छुट्टी दे दी गयी और वह एहतियातन अपने घर में अगले 14 दिन तक क्वारंटीन में रहेंगी।’ साथ ही डॉक्टरों ने उनके खास सावधानी बरतने के भी निर्देश दिए है और उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी। 
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद शाज़ा ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट भी शेयर किया और ठीक होने पर ख़ुशी जताते हुए , उन्होंने अपने परिवार को धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने डॉक्टरों , नर्सेज और अस्पताल स्टाफ द्वारा उनकी देखभाल के लिए भी आभार व्यक्त किया है। 

शाज़ा पेशे से सिंगर है और वो एक कॉन्सर्ट में हिस्सा लेने के लिए श्रीलंका गयी थी। वहीं शाज़ा के पिता करीम की बात करें तो वह एक प्रसिद्ध निर्माता हैं जिन्होंने दिलवाले, हैप्पी न्यू ईयर जैसी फ़िल्मों का निर्माण किया है। बीते कुछ समय पहले कथित रूप से घोटालों में शामिल पाए जाने की वजह से वो इंडस्ट्री से दूर है। 
बता दें , करीम मोरानी का परिवार मुंबई के जुहू इलाके में रहता है। शाज़ा के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद जिस बिल्डिंग में मोरानी परिवार रहता है उसका नाम शगुन है। इस समय पूरी बिल्डिंग को लॉकडाउन कर दिया गया है।  शजा के परिवार के 9 सदस्यों का भी अब कोरोना टेस्ट करवाया जाएगा।

Ujjwal Jain