बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के साथ साल 2007 में हुई किसिंग कंट्रोवर्सी लोगो को आज भी याद है। 2007 में हॉलीवुड एक्टर रिचर्ड गेरे ने एक इवेंट में शिल्पा शेट्टी को खुलेआम किस किया था। जिसके बाद उनका यह किस काफी विवादों में रहा। रिचर्ड गेरे और शिल्पा शेट्टी पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज हुआ था। अब इस 14 साल पुराने किसिंग केस में शिल्पा शेट्टी को बड़ी राहत मिली है। उन पर अश्लीलता फैलना का आरोप था। अब एक्ट्रेस को इस केस से बरी कर दिया गया है।
मीडिया की खबर के अनुसार मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने इस केस में शिल्पा शेट्टी को बरी कर दिया है। मजिस्ट्रेट ने कहा कि इस ममाले में एक्ट्रेस आरोपी नहीं बल्कि रिचर्ड गेरे का शिकार थीं। मजिस्ट्रेट के अनुसार शिल्पा शेट्टी के खिलाफ आरोप निराधार थे। इसलिए एक्ट्रेस को आरोपों से बरी कर दिया गया। मजिस्ट्रेट ने अपने बयान में कहा कि शिकायत में शिल्पा शेट्टी के किसी भी तरह की अपराधी होने का पता नहीं चला है।
याद दिला दे कि रिचर्ड गेरे ने जब साल 2007 में शिल्पा शेट्टी को किस किया था तो उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश और राजस्थान में शिकायत दर्ज हुई थी। घटना के बाद राजस्थान के मुंडावर में एक न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी को एक शिकायत दर्ज की गई थी, जिसमें शिल्पा शेट्टी और रिचर्ड गेरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई, जिसे अनुमति दे दी गई थी।
इसके बाद शिल्पा शेट्टी और रिचर्ड गेरे के खिलाफ आईपीसी की धारा 292, 293, 294 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था। वहीं शिल्पा शेट्टी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर इस मामले को मुंबई ट्रांसफर करने की अपील की थी, जिसे कोर्ट ने साल 2017 में स्वीकार कर लिया था। इसके बाद शिकायत और ट्रांसफर मामले की सुनवाई मुंबई के बैलार्ड पियर में मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की ओर से की जा रही थी।
शिल्पा शेट्टी के वकील के अनुसार दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 239 (पुलिस रिपोर्ट और दस्तावेजों पर विचार करने के बाद बरी) और धारा 245 (सबूत पर विचार करने के बाद बरी) के तहत आरोपमुक्त किया गया है। वहीं शिल्पा शेट्टी ने अपनी याचिका के जरिए कोर्ट को बताया था कि उनकी बस इतनी गलती हैं कि उन्होंने रिचर्ड गेरे के किस का विरोध नहीं किया जोकि अपराध नहीं हो सकता।