पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार दो दिन बढ़ने के बाद रविवार को रिकॉर्ड स्तर पर स्थिर रहे। अग्रणी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 96.12 रूपए और डीजल 86.98 रूपए प्रति लीटर पर अपरिवर्तित रहा। दिल्ली में मई महीने के दौरान पेट्रोल 3.83 रूपए और डीजल 4.42 रूपए प्रति लीटर महंगा हुआ था।
जून में अब तक पेट्रोल की कीमत 1.89 रूपए और डीजल की कीमत 1.83 रूपए बढ़ चुकी है। अन्य शहरों में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 102.30 रूपए और डीजल की कीमत 94.39 रूपए प्रति लीटर पर पर रही। चेन्नई में पेट्रोल 97.43 रूपए और डीजल 91.64 रूपए प्रति लीटर के भाव बिका। कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल 96.06 रूपए का और डीजल 89.83 रूपए का मिला।
पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नई कीमतें लागू की जाती हैं। पेट्रोल व डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है। इन्हीं मानकों के आधार पर पेट्रोल रेट और डीजल रेट रोज तय करने का काम तेल कंपनियां करती हैं।