श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने वैष्णोदेवी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पांच लाख रूपये के मुफ्त दुर्घटना बीमा को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा नजदीकी क्षेत्र में ट्रॉमा पीड़ितों का मुफ्त इलाज भी किया जायेगा। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि राजभवन में शनिवार को जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की 63वीं बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रदेश के राज्यपाल बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सामूहिक दुर्घटना बीमा कवर को बढ़ाने की बोर्ड ने मंजूरी दे दी। प्रवक्ता ने बताया कि वैष्णो देवी आने वाले पांच साल से अधिक आयु के श्रद्धालुओं में प्रत्येक का दुर्घटना बीमा कवर तीन लाख रूपये से बढ़ाकर पांच लाख रूपये कर दिया गया है और पांच साल से कम उम्र के श्रद्धालुओं का तीन लाख रूपये का बीमा कवर होगा, जो इस वक्त एक लाख रूपये है।


Download Android App
Download iOS App



