दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 1,250 नये मामले सामने आये, रिकवरी रेट गिरा

Summary :

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 1,250 नये मामले सामने आए जबकि 1082 स्वस्थ हुए।

दिल्ली में पिछले कई दिनों से कोरोना वायरस के नये मामलों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या घटने से रिकवरी दर पर दबाव बना हुआ है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 1,250 नये मामले सामने आए जबकि 1082 स्वस्थ हुए। 
राजधानी में कुल संक्रमितों का आंकड़ा शुक्रवार को बढ़कर 1.59 लाख के करीब पहुंच गया। आंकड़ों के अनुसार संक्रमितों की कुल संख्या 1,58,604 पर पहुंच गई। इस दौरान 1,082 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना वायरस को मात देने वालों का कुल आंकड़ा 1,42,908 हो गया। 
देश में दिल्ली का स्थान सर्वाधिक रिकवरी दर वाले राज्यों में है लेकिन चिंता की बात यह है कि इस दौरान रिकवरी दर में आंशिक गिरावट के साथ आज यह 90.10 फीसदी रह गयी जो गुरुवार को 90.13 प्रतिशत थी। 
राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण से आज 13 और मरीजों की जान चली गयी इसके साथ ही इस जानलेवा वायरस से अब तक 4,270 की मौत हो चुकी है। सक्रिय मामलों में आज 155 और मामलों की बढोतरी भी चिंता बढ़ने वाली है। राजधानी में सक्रिय मामले गत दिवस के 11,271 से बढ़कर 11,426 हो गये। 
दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान 17,735 कोरोना जांच की गई। इसके साथ ही कोरोना के 13,92,928 नमूनों की अब तक जांच हो चुकी हैं और 10 लाख की आबादी पर जांच का औसत 73 हजार से अधिक 73,312 हो गया है।

Ujjwal Jain