दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,460 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 77,000 के पार हो गई। वहीं इस खतरनाक वायरस की वजह से अब तक 2,492 लोगों की जान जा चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में रिकॉर्ड 3,947 मामले सामने आए थे। बुधवार को दिल्ली ने देश में सबसे बुरी तरह प्रभावित शहरों की सूची में मुंबई को पीछे छोड़ दिया था।
स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में 63 लोगों की मौत हुई। बुलेटिन में बताया गया कि मृतकों की संख्या 2,492 हो गई है और संक्रमितों की संख्या 77,240 है।
वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की कोरोना वायरस संक्रमण जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है और शुक्रवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। सूत्रों ने बताया कि जैन का इलाज प्लाज्मा थेरेपी से किया गया। 55 वर्षीय जैन को तेज बुखार और ऑक्सजीन स्तर में गिरावट के बाद राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती किया गया था और इसके एक दिन बाद 17 जून को उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
जैन की हालत बिगड़ने पर उन्हें साकेत के मैक्स अस्पताल के आईसीयू में ले जाया गया। सूत्र ने बताया, ‘‘ उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है और जल्द ही उन्हें छुट्टी मिलने की संभावना है।’’ प्लाज्मा थेरेपी का इस्तेमाल किये जाने के दो दिन बाद वह आईसीयू से बाहर आए।